रोहतक (हरियाणा)। सिविल अस्पताल में एमरजेंसी के पास अचानक फाल सीलिंग गिर गई। इसमें सफाई कर्मचारी बाल बाल बच गया। सूचना पाकर सिविल अस्पताल के एसएमओ पुष्पेंद्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच की बात कही।

यह है मामला

सिविल अस्पताल में सुबह करीब साढे 7 बजे एमरजेंसी के पास छत पर लगी फाल सीलिंग गिर गई। फाल सीलिंग गिरने के कारण बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के समय वहां केवल एक सफाई कर्मचारी था। वह बाल-बाल बच गया। वहीं, एमरजेंसी में मरीज व डॉक्टर मौजूद थे। अस्पताल में मरीज भी आने शुरू हो गए थे। अस्पताल के अंदर अचानक हुए हादसे में कोई जानहानि नहीं हुई। अस्पताल में ओपीडी का समय शुरू होने से पहले ही हादसा हो गया। अगर हादसा ओपीडी शुरू होने के बाद होता तो फाल सीलिंग मरीजों के ऊपर भी गिर सकती थी।

अस्पताल में फॉल सीलिंग गिरने का पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी मेन गेट के आगे ही फॉल सीलिंग गिर गई थी। हालांकि उस समय फॉल सीलिंग रात के समय गिरी थी। इसके कारण कोई जानहानि नहीं हुई थी। एसएमओ पुष्पेंद्र का कहना है कि अस्पताल में अचानक फॉल सीलिंग गिरी है। इसकी जांच करवाई जाएगी। हादसे में किसी को कोई चोट नहीं लगी है। सीलिंग के मलबे को साफ करवाया जा रहा है। मरीजों को परेशानी होने नहीं दी जाएगी।