पटना (बिहार)। ड्रग अलर्ट जारी किया गया है। जांच में 169 मेडिसिन के सैंपल फेल पाए गए हैं। देश में दवाओं की गुणवत्ता को लेकर केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन ने यह खुलासा किया है। अप्रैल 2026 के दौरान देशभर में जांचे गए कई दवा सैंपल अमानक मिले हैं। कुल 169 दवा सैंपल नॉट ऑफ स्टैंडर्ड क्वालिटी पाए गए हैं। यानी ये दवाएं तय गुणवत्ता मानकों को पूरा नहीं कर सकीं। रिपोर्ट सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और दवा कंपनियों में हडक़ंप मच गया है.
केंद्रीय और राज्य लैब में फेल हुए सैंपल
सीडीएससीओ के मुताबिक केंद्रीय दवा प्रयोगशालाओं में जांचे गए 42 सैंपल गुणवत्ता परीक्षण में फेल पाए गए। राज्य स्तरीय प्रयोगशालाओं में 127 दवा सैंपल मानकों के अनुरूप नहीं मिले। जांच में सामने आया कि कई दवाओं में निर्धारित गुणवत्ता की कमी थी। हालांकि अधिकारियों ने साफ किया है कि यह समस्या केवल जांच किए गए विशेष बैच तक सीमित है। बाजार में उपलब्ध अन्य बैचों को लेकर लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
नकली दवा का खुलासा
रिपोर्ट में नकली दवा का मामला भी सामने आया है। जांच एजेंसियों को पता चला कि एक अनधिकृत निर्माता ने दूसरी कंपनी के ब्रांड नाम का गलत इस्तेमाल कर नकली दवा बनाई थी। अधिकारियों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए जांच शुरू कर दी है। संबंधित लोगों और कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।










