देहरादून। कैंसर व बीपी की नकली दवाएं फेसबुक के जरिए बेचने का भंडाफोड़ हुआ है। इस आनलाइन गिरोह का पर्दाफाश उत्तराखंड एसटीएफ ने किया है। गिरोह फेसबुक पेज ‘एसके हेल्थ केयर’ की आड़ में ब्रांडेड कंपनियों की नकली दवाइयांं बेच रहा था। एसटीएफ ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जबकि नेटवर्क के तार उत्तराखंड समेत बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब तक मिले हैं।
गिरोह के सदस्य रुडक़ी, भगवानपुर(हरिद्वार) और कोटद्वार(पौड़ी) स्थित फैक्ट्रियों में कंपनियों की नकली दवाइयां तैयार करते थे। उन्हें आनलाइन प्लेटफार्म और कोरियर के जरिये सप्लाई कर रहे थे। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि दून बाजार में नामी कंपनियों की नकली दवाइयां बेची जा रही हैं। शिकायत के बाद टीम गठित कर जांच शुरू की गई। कंपनियों के प्रतिनिधियों से पूछताछ की गई। दवाइयों के सैंपल की जांच कराई गई तो वे फेल पाए गए। इसके बाद एसटीएफ ने जतिन सैनी व गौरव त्यागी निवासी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आया कि ‘एसके हेल्थ केयर’ नाम के फेसबुक पेज पर कंपनियों के प्रोडक्ट की तस्वीरें डालकर उन्हें कम दाम में बेचा जा रहा था। नेटवर्क का संचालन संभल से किया जा रहा था। सप्लाई उत्तराखंड सहित कई राज्यों में हो रही थी। गिरफ्तार गौरव त्यागी ने बताया कि रुडक़ी स्थित उसकी फैक्ट्री पहले भी नकली दवा बनाने में पकड़ी जा चुकी है। वर्तमान में वह अपने रिश्तेदार मयंक उर्फ मोंटी के साथ हरिद्वार में नकली दवाइयां तैयार कर रहा था। कोटद्वार के सिडकुल क्षेत्र में स्थित बंद फैक्ट्री को जरूरत पडऩे पर खोला जाता था।










