भोजीपुरा। गैर अनुमोदित दवाएं बनाने पर लाइसेंस कैंसिल की कार्रवाई की जा रही है। आयुर्वेदिक चिकित्सा विभाग ने इसकी रिपोर्ट निदेशक को भेजी है। यह कार्रवाई संजय फार्मास्युटिकल रहपुरा करीम बख्श में की गई है। गैर अनुमोदित दवाएं बनाने के मामले में प्रोपराइटर पर भी एफआईआर कराई जा सकती है।
यह है मामला
पुलिस को फार्मास्युटिकल के प्रोपराइटर सोमवीर की छत पर दवाएं बनती मिली थीं। आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी को इसकी सूचना दी। इसके बाद आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी राजपुरी नवादा मनोज कुमार की टीम ने जांच की। पता चला कि लाइसेंस में केवल पांच दवाओं को बनाने की अनुमति थी। मौके पर केवल दो अनुमोदित दवाएं मिलीं। वहीं आठ दवाएं गैर अनुमोदित पाई गईं।
आयुर्वेदिक चिकित्सा विभाग की टीम ने जांच के बाद आयुर्वेदिक निदेशक लखनऊ को रिपोर्ट भेजी है। संभावना है कि फार्मास्युटिकल का लाइसेंस निरस्त होगा। प्रोपराइटर सोमवीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश भी हो सकते हैं। टीम को दवा बनाने के परिसर में गंदगी भी मिली थी।










