कायमगंज। प्रसूता की मौत पर अस्पताल सील करने का मामला प्रकाश में आया है। अस्पताल संचालक मौके से फरार बताया गया है। पुलग़ालिब स्थित निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत हो गई। घटना सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच करने पहुंची। अस्पताल संचालक सारा सामान समेटकर फरार हो चुका था। टीम को मौके पर सिर्फ एक खाली कमरा मिला। इसे सील कर दिया गया है।

यह है मामला

गऊटोला निवासी अवकाश की पत्नी चांदनी को पुलग़ालिब के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। चांदनी ने वहां एक बेटी को जन्म दिया। प्रसव के बाद परिजन जच्चा-बच्चा को घर ले गए। घर पहुंचने के बाद चांदनी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे दोबारा उसी अस्पताल ले गए। बाद में उसे डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पत्नी की मौत से आक्रोशित परिजन रात में ही शव को लेकर कायमगंज के उसी अस्पताल पहुंचे। वहां कोई स्टाफ मौजूद नहीं मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीएमओ के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक को जांच सौंपी गई। अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार, डॉ. अमरेश कुमार और प्रतिरक्षण अधिकारी रामनरेश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

जांच टीम को बिल्डिंग के गेट पर अस्पताल का कोई बोर्ड नहीं मिला। मौके पर कर्मचारी ने बताया कि यह कमरा कुछ दिन पहले फर्रुखाबाद निवासी महावीर ने किराए पर लिया था। टीम ने जब कमरा खुलवाया तो वह खाली था। संदिग्ध रूप से संचालित हो रहे इस कथित अस्पताल के कमरे को सील कर दिया है। मुख्य दरवाजे पर नोटिस चस्पा कर संचालक से अस्पताल के वैध कागजात मांगे गए हैं।