दरभंगा (बिहार)। लाइसेंस बगैर संचालित दवा दुकान पर रेड करने का समाचार है। मौके से 66 प्रकार की दवाएं जब्त की गई है। कुशेश्वरस्थान के बेरी चौक थाना क्षेत्र में ड्रग इंस्पेक्टरों की टीम ने दवा दुकान पर छापेमारी की। इसे बिना लाइसेंस संचालित पाया गया। दुकान से 66 प्रकार की दवाएं जब्त की गईं। दुकान संचालक कुंदन कुमार राय के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दवा दुकान के नाम का कोई बोर्ड भी नहीं लगाया गया था। टीम ने मौके से विभिन्न प्रकार की दवाएं जब्त कर लीं। एक संदिग्ध दवा का सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है।
छापेमारी दल में ड्रग इंस्पेक्टर अर्चना कुमारी, नीतू बाला और राजेश कुशवाहा शामिल थे। वहीं दंडाधिकारी के रूप में कैलाश कुमार तथा स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहे। सहायक औषधि नियंत्रक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बिना लाइसेंस दवा की बिक्री करना औषधि नियमों का उल्लंघन है। मामले में कोर्ट में केस दर्ज करवाया है। जिले में इस तरह की छापेमारी आगे भी जारी रहेगी।










