हैदराबाद (तेलंगाना)। ऑनलाइन फार्मेसी से जुड़ी 41 दवा दुकानों को नोटिस थमाए गए हैं। ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन ने नियमों के उल्लंघन के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। डीसीए ने ऑनलाइन फार्मेसी पर एक स्पेशल एनफोर्समेंट ड्राइव चलाई। डायरेक्टर जनरल अविनाश मोहंती ने कहा कि राज्य में ऑनलाइन फार्मेसी से जुड़ी कुल 166 मेडिकल दुकानों की जांच की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 41 दुकानों को नोटिस जारी किए गए हैं।
यह है मामला
ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के तहत राज्य में ऑनलाइन फार्मेसी पर स्पेशल एनफोर्समेंट ड्राइव चलाई गई। इस ड्राइव के दौरान कुल 166 मेडिकल दुकानों की जांच की गई। इनमें ऑनलाइन सर्विस से जुड़ी 159 दुकानें और ऑनलाइन बी2बी प्लेटफॉर्म से जुड़ी सात दुकानें शामिल थीं। इंस्पेक्शन के दौरान सेल्स बिल, प्रिस्क्रिप्शन ड्रग रजिस्टर, सेल्स और परचेज रिकॉर्ड आदि में गड़बड़ मिली।
डीसीए के डायरेक्टर जनरल ने कहा कि ऑनलाइन फार्मेसी से जुड़ी 41 मेडिकल दुकानों को नोटिस दिए हैं। नियमों के तहत आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़ी दुकानों सहित सभी मेडिकल दुकानों के लिए कानूनी जरूरतों का सख्ती से पालन करना जरूरी है। तय नियमों से कोई भी बदलाव होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










