भोपाल (मध्य प्रदेश)। कैंसर पीड़ित मासूम को केमिकल का इंजेक्शन लगा देने से उसकी मौत हो गई। एम्स में हुई इस लापरवाही के चलते दो नर्सों पर एफआईआर करवाई गई है। बच्चे की मौत दवा की जगह फॉर्मेलिन इंजेक्ट किए जाने के बाद हो गई।

यह है मामला

घटना दिसंबर 2025 की बताई गई है। तीन साल का सार्थक यादव सागर जिले के कौरजा गांव का निवासी था। ल्यूकेमिया से पीड़ित सार्थक की तबीयत बिगड़ने पर उसे एम्स में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान हुई कथित चूक उसके लिए जानलेवा साबित हुई।

जांच के अनुसार, बच्चे की आईवी लाइन ब्लॉक हो गई थी। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग अधिकारी मधुबाला शर्मा ने बिना सत्यापन किए एक सिरिंज बच्चे को इंजेक्ट कर दिया। बच्चे के पिता ने कई बार स्टाफ को आगाह किया था कि सिरिंज में निर्धारित दवा नहीं है। उनकी चेतावनी पर ध्यान नहीं दिया गया। उल्टा उसे डांटकर चुप करा दिया। इंजेक्शन लगाने के कुछ ही क्षणों बाद बच्चे की हालत बिगड़ने लगी। उसे तत्काल PICU में शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने के लिए लंबे समय तक प्रयास किए। लेकिन सुबह उसे मृत घोषित कर दिया गया।