जयपुर (राजस्थान)। एसएमएस अस्पताल (सवाई मानसिंह अस्पताल) में इंजेक्शन-सीरिंज बेचता फार्मासिस्ट पकड़ा गया है। दवा वितरण केंद्र से जुड़े संविदाकर्मी फार्मासिस्ट को सुरक्षा गार्डों ने रंगे हाथों पकड़ा। आरोप है कि उसने अस्पताल के स्टोर से दवाइयां निकालकर एक बाहरी युवक को बेच दीं।
1500 में किया हजारों की दवाइयों का सौदा
आरोपी फार्मासिस्ट बबन ने बाहरी युवक मनोज के साथ मिलकर दवाइयों की सप्लाई का सौदा तय किया था। करीब 10 हजार से अधिक कीमत की दवाइयां, इंजेक्शन, सीरिंज मात्र 1500 रुपए में बेचने की बात सामने आई है। भुगतान फोन-पे के जरिए किया गया था। अस्पताल प्रशासन ने बबन की ड्यूटी चरक भवन स्थित वेयरहाउस में लगा रखी थी। रेस्को सुरक्षा गार्डों को दवाइयों की चोरी की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने फार्मासिस्ट और युवक की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी। दोनों जैसे ही बांगड़ परिसर के मुख्य गेट की ओर बढ़े। गार्डों ने उन्हें रोककर पूछताछ की और बैग की तलाशी ली।
बैग से एंटीबायोटिक श्रेणी के ओज-डॉक्सी इंजेक्शन, एनएस की बोतलें, सीरिंज और अन्य दवाएं िमली। बरामद सामग्री अस्पताल के स्टॉक की बताई जा रही है। इसे चोरी कर बाहर ले जाया जा रहा था। अस्पताल प्रशासन ने संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










