पानीपत (हरियाणा)। फार्मा कंपनी का डीलर बन नशीली दवाओं की तस्करी का मामला सामने आया है। आरोपी अश्विनी शर्मा के खिलाफ कानूनी शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। श्रीगंगानगर पुलिस पहले से ही नशीली दवा बरामदगी के मामले में उसकी तलाश कर रही है। वहीं इसी आरोपी के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है।
हिमाचल प्रदेश स्थित विनमैक्स हेल्थकेयर फर्म के संचालक शशिभूषण काजल ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। अपनी फर्म के नाम और ब्रांड का कथित रूप से दुरुपयोग कर नकली एवं नशीली दवाइयों के निर्माण-बिक्री का आरोप लगाया है।

पानीपत निवासी एवं विनमैक्स हेल्थकेयर के संचालक शशिभूषण ने श्रीगंगानगर निवासी अश्वनी शर्मा, जेएमडी ट्रेडर्स के प्रोपराइटर इकबाल सिंह तथा अन्य व्यक्तियों को आरोपी बनाया है। उनकी फर्म के नाम से नकली एवं नशीली दवाइयों का निर्माण और विक्रय करने का आरोप लगाया है।

अश्वनी शर्मा ने विनमैक्स हेल्थकेयर के नाम से नकली दवाइयां तैयार कर बाजार में बेचीं। इस संबंध में शशी भूषण काजल ने ड्रग्स विभाग अंबाला कैंट में शिकायत की थी। विभाग ने जेएमडी ट्रेडर्स के प्रतिष्ठान पर कार्रवाई कर निरीक्षण किया तथा सैंपल लिए।

काजल का दावा है कि संबंधित बैच नंबरों की दवाइयां उन्होंने वैध बिलों से विभिन्न फर्मों को बेच दी थीं। प्रकरण में बरामद दवाइयां उनकी फर्म की नहीं हैं। उनकी फर्म के नाम पर फर्जी तरीके से नकली दवाइयों का निर्माण और विक्रय किया गया। मामले की जांच निरीक्षक सुभाष चन्द्र को सौंपी गई है।