देहरादून (उत्तराखंड)। कॉस्मेटिक शॉप की आड़ में नशीली दवाओं की बिक्री का मामला पकड़ा है। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने कलियर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। कॉस्मेटिक दुकान की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं का कारोबार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के कब्जे से करीब 3.9 किलोग्राम कोडीन सिरप और ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में उसका संबंध पूर्व में बरामद किए 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल के मामले से भी सामने आया है। कलियर क्षेत्र में ड्रग इंस्पेक्टर के साथ कई संदिग्ध स्थानों और गोदामों पर छापेमारी की गई।
एहतिशाम कॉस्मेटिक जनरल स्टोर से संचालक अहतशाम उल हक को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से कोडीन सिरप और ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए। इसके बाद टीम ने आरोपी के अन्य संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी। वहां से भी प्रतिबंधित दवाएं मिलीं। आरोपी इन दवाओं को मूल कीमत से कई गुना अधिक दाम पर बेचकर मुनाफा कमा रहा था। एसटीएफ अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है। आरोपी पूर्व में भी नशीली दवाओं की तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में दो मुकदमे दर्ज हैं।










