करनाल (हरियाणा)। मेडिकल स्टोर पर अवैध रूप से स्टेरॉयड बेचने का मामला पकड़ा गया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने करनाल जिले में विशेष डिकॉय अभियान चलाया। यह अभियान प्रदेश में पुलिस भर्ती के दौरान एनाबॉलिक स्टेरॉयड के संभावित दुरुपयोग के चलते चलाया गया। इस अभियान में करनाल, नीलोखेड़ी और तरावड़ी के 17 मेडिकल स्टोरों की औचक जांच की गई।
औषधि नियंत्रण अधिकारी रितु मेहला और विकास राठी के नेतृत्व में डिकॉय ग्राहकों को मेडिकल स्टोरों पर भेजा। जतिन मेडिकोज और कन्हैया मेड स्टोर तरावड़ी पर बिना चिकित्सकीय पर्चे के एनाबॉलिक स्टेरॉयड बेचे जाने का मामला सामने आया। जतिन मेडिकोज से डेका-ड्यूराबोलिन इंजेक्शन की अवैध बिक्री पकड़ी गई। संबंधित फर्म खरीद-बिक्री का वैध रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं कर सकी।
इसके अलावा जन औषधि केंद्र तथा अभि मेडी पॉइंट में भारी मात्रा में एनाबॉलिक स्टेरॉयड का संदिग्ध स्टॉक मिला। दोनों प्रतिष्ठान इन दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने में असफल रहे। विभाग ने चेतावनी दी है कि बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के एनाबॉलिक स्टेरॉयड की बिक्री गंभीर कानूनी अपराध है। जिन चार प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं मिली हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।










