नई दिल्ली। ड्रग्स प्राइस कंट्रोल ऑर्डर में केंद्र ने बड़ा बदलाव किया है। आने वाले दिनों में मरीजों को सस्ती दवाओं का लाभ मिलेगा। इसके लिए केंद्र सरकार ने ड्रग्स (प्राइस कंट्रोल) ऑर्डर में संशोधन किए हैं। अब एक ही दवा के अलग-अलग पैक की अलग कीमत तय की जा सकेगी। सरकार अब जरूरत पडऩे पर एक ही दवा के अलग-अलग पैक साइज पर अलग-अलग खुदरा कीमत तय कर सकेगी। इससे अलग पैक में आने वाली दवाओं की कीमत तय करना आसान होगा।
नई दवा लॉन्च करने की प्रक्रिया आसान
अगर किसी नई दवा की खुदरा कीमत पहले ही तय हो चुकी है। तब 12 महीनों के भीतर वही दवा लॉन्च करने वाली दूसरी कंपनी को दोबारा आवेदन नहीं करना होगा। उसे दवा लॉन्च करने के एक महीने के भीतर सिर्फ इसकी सूचना देनी होगी
अब दवा कीमतों की निगरानी को लेकर सख्ती की गई है। अब दवा की कीमत कम होने पर कंपनियों को डीलरों और मेडिकल स्टोर को नई मूल्य सूची भेजनी होगी। कंपनी की वेबसाइट पर भी नई कीमत की जानकारी डालनी होगी। संशोधित मूल्य सूची राज्य औषधि नियंत्रकों और सरकार को भेजनी होगी।










