हैदराबाद। अवैध स्टेरॉयड रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। सिकंदराबाद टास्क फोर्स ने मुशीराबाद में यह कार्रवाई की। अवैध स्टेरॉयड और मांसपेशियों को बढ़ाने वाली दवाओं के रैकेट के छह लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से प्रतिबंधित इंजेक्शन और बॉडी-बिल्डिंग सप्लीमेंट्स जब्त किए हैं। इनकी कुल कीमत लगभग 6.5 लाख रुपये है। गिरफ्तार लोगों की पहचान बी शिवा, मोहम्मद फुरकानुद्दीन फैसल, मोहम्मद सैफ उर्फ मोहम्मद एहसान उलहक, फरजान खान, मोहम्मद यूसुफ और सोम्बत्तिनी अभिलाष के रूप में की गई है।
पुलिस ने बताया कि शिवा और फैसल मुख्य आपूर्तिकर्ता थे। अन्य लोग उप-विक्रेता के रूप में काम करते थे। आरोपियों ने कथित तौर पर बिना डॉक्टरी पर्चे के ऑनलाइन स्रोतों से स्टेरॉयड प्राप्त किए। उन्हें जिम जाने वालों और फिटनेस के शौकीनों को मांसपेशियों में वृद्धि के लिए बेच दिया। उत्तर प्रदेश के मुदीद चौहान और पंजाब के राजन प्रीत सिंह नाम के दो कथित आपूर्तिकर्ता फरार हैं। मुशीराबाद पुलिस स्टेशन में मामले दर्ज किए गए हैं।










