बागपत (उप्र)। ब्लड प्रेशर और किडनी की दवा अधोमानक मिली है। लाइफ सेविंग ड्रग की सूची में शामिल फ्रुसेमाइड (आईपी 10 एमजी/एमएल, 2 एमएल इंजेक्शन) की एक खेप जांच में अधोमानक निकली है। इस दवा के वितरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। ड्रग वेयर हाउस और अस्पतालों में मौजूद दवा को वापस करने के निर्देश दिए है।
बताया जा रहा है कि दवाओं के सैंपल की जांच कौशांबी जिले में हुई थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाईज कॉरपोरेशन लिमिटेड ने इस बैच पर रोक लगा दी है। बची हुई दवा को सात दिन के भीतर वापस मंगाने के निर्देश जारी किए हैं। वहीं, अधोमानक दवा की आपूर्ति बागपत में भी आपूर्ति हुई थी।
बताया जा रहा है कि फ्रुसेमाइड दवा की यह सप्लाई देहरादून स्थित एसवीपी लाइफ साइंसेज ने की थी। कौशांबी में औषधि प्रशासन ने इस बैच का नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा था। जांच रिपोर्ट में दवा मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। दवा डिस्क्रिप्शन और पार्टिकुलेट मैटर के मानकों पर फेल हुई। इसके बाद इस बैच को अधोमानक घोषित कर दिया है। यूपीएमएससीएल ने निर्देश दिया है कि संबंधित बैच का वितरण तत्काल बंद किया जाए। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों से बचा स्टॉक वापस मंगाया जाए। दवा वापसी की डिटेल डीवीडीएमएस पोर्टल पर अपडेट की जाए।










