शामली (उप्र)। मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। शामली में नकली दवा बेचे जाने की शिकायत मिली थी। इसके बाद औषधि विभाग ने तीन मेडिकल स्टोरों पर जांच अभियान चलाया। एक मेडिकल स्टोर से एलर्जी की दवा के दो नमूने लिए गए।
अन्य दो मेडिकल स्टोरों पर संबंधित दवा का स्टॉक नहीं मिला। अब इन सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। औषधि निरीक्षक पवन शाक्य ने बताया कि सिपला कंपनी के उच्चाधिकारियों से शिकायत मिली थी। बताया गया कि कंपनी के नाम पर बाजार में नकली दवा बेची जा रही है। शिकायत के बाद कंपनी की टीम भी शामली पहुंची। इसके बाद संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाया गया।
सागर मेडिकल स्टोर से लिए गए दवा के नमूने
जांच टीम सबसे पहले हनुमान रोड स्थित सागर मेडिकल स्टोर पहुंची। यहां सिपला कंपनी की एलर्जी की दवा मिली। इसके दो नमूने जांच के लिए लिए गए। स्टोर संचालक ने बताया कि उसने यह दवा चिराग मेडिकल स्टोर से खरीदी थी। इसके बाद टीम चिराग मेडिकल स्टोर पहुंची। वहां संबंधित दवा का स्टॉक समाप्त मिला। संचालक ने बताया कि उसने यह दवा एएलवी मेडिकल स्टोर से खरीदी थी।
टीम ने इसके बाद एएलवी मेडिकल स्टोर पर भी जांच की। वहां भी संबंधित दवा का स्टॉक उपलब्ध नहीं मिला। स्टॉक नहीं मिलने से वहां कोई नमूना नहीं लिया गया। औषधि निरीक्षक पवन शाक्य ने बताया कि जांच में दवा नकली मिली तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।










