विकासनगर (देहरादून)। फार्मा कंपनी से प्रतिबंधित दवा केटामाइन चुराने वाले दो युवक पकड़े हैं। यह कार्रवाई एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स व पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से की। आरोपी उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी बताए गए हैं। आरोपितों से डेढ़ किलो से अधिक प्रतिबंधित केटामाइन दवा जब्त की गई है। पुलिस का दावा है कि प्रदेश में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में केटामाइन बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों शुभम कुमार और अंकित तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अंकित तिवारी वर्तमान में सेलाकुई में रह रहा था।
यह है मामला
सेलाकुई थाना क्षेत्र में चेकिंग की गई। खैरी गांव की तरफ से आ रहे स्कूटी सवार दो व्यक्तियों को भी शक के आधार पर जांचा। पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो दोनों आरोपितों के पास से 1512 ग्राम केटामाइन दवा बरामद की गई। आरोपितों ने बताया कि यह केटामाइन दवा वे नरेंद्र यादव नामक व्यक्ति से लेकर आए हैं। नरेंद्र यादव ने उन्हें बताया था कि खैरी गांव में उन्हें एक व्यक्ति मिलेगा। उसे ही यह दवा की खेप देनी है। नरेंद्र यादव सेलाकुई में किसी फार्मा कंपनी में काम करता था। वहां से चोरी छिपे केटामाइन आदि प्रतिबंधित दवा निकालकर अवैध रूप से बेच देता था।










