सोलन ( हिमाचल)। ड्रग कंट्रोलर बनकर फार्मा कंपनियों से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में फार्मा कंपनियों को ड्रग कंट्रोलर बनकर सरकारी कार्रवाई का डर दिखाया गया। उनसे लाखों की ठगी करने और रंगदारी मांगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। बद्दी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरपाल निवासी गांव खोखरा, पंचकुला, हरियाणा के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को ड्रग कंट्रोलर बताकर फोन कर अवैध धनराशि की मांग करता था। पुलिस ने मामले में वारदात में संलिप्त वाहन, 50,000 रुपए कब्जे में ले लिए हैं। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उनकी भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया
गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। फिलहाल बद्दी पुलिस इस पूरे मामले में आगामी तफ्तीश अमल में लाने में जुटी है। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि बरोटीवाला स्थित फार्मा कंपनी के प्रतिनिधि ने शिकायत दी थी। बताया िक कुछ अज्ञात लोगों द्वारा स्वयं को ड्रग कंट्रोलर बताकर उनकी कंपनी से लाखों की ठगी की गई। लगातार रंगदारी की मांग की जा रही है। उक्त शिकायत पर पुलिस थाना बरोटीवाला ने मामला दर्ल कर जांच की। मामले में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।










