बलरामपुर (छत्तीसगढ़)। सरकारी शिक्षक को पत्नी संग दो अवैध क्लीनिक चलाते पकड़ा गया है। स्वास्थ्य विभाग, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। यहां सरकारी स्कूल में पदस्थ एक शिक्षक छुट्टी के बाद डॉक्टर बनकर मरीजों का इलाज कर रहा था। आरोप है कि शिक्षक अपनी पत्नी के साथ मिलकर दो अवैध क्लीनिक संचालित कर रहा था।
यह है मामला
जिले में अवैध क्लीनिकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। दामोदरपुर क्षेत्र में अवैध क्लीनिक संचालन का मामला सामने आया। प्रदीप दास पूर्व माध्यमिक शाला लुरघुट्टा में शिक्षक के पद पर पदस्थ है। आरोप है कि स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के बाद वह क्लीनिक में मरीजों का इलाज करता था। शिक्षक अपनी पत्नी के साथ मिलकर दामोदरपुर में दो क्लीनिक चला रहा था।
टीम ने जब क्लीनिकों में छापेमारी की तो वहां कई अनियमितताएं सामने आईं। मौके से एक्सपायरी दवाइयां और मेडिकल इंस्ट्रूमेंट बरामद किए गए। क्लीनिक संचालन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं मिले। इसके बाद टीम ने बरामद सामग्री को सील कर जब्ती की।
शिक्षक प्रदीप दास के मामले में विभागीय स्तर पर जांच की संभावना है। सरकारी कर्मचारी द्वारा निजी रूप से चिकित्सा सेवा देने की भी जांच की जाएगी। क्षेत्र में संचालित अन्य निजी क्लीनिक संचालकों में भी हड़कंप मचा है।










