पटना (बिहार)। कफ सिरप के अवैध गोदाम पर छापेमारी का मामला प्रकाश में आया है। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ मद्य निषेध विभाग ने कार्रवाई की है। गुप्त सूचना पर टीम ने महादेव स्थान-मरची रोड के गोदाम में छापेमारी की। यहां से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप, नशीले इंजेक्शन और दवाएं बरामद की। बरामद नशीले पदार्थों की कीमत करोड़ों रुपये बताई गई है।

एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो को गुप्त सूचना मिली थी। महादेव स्थान-मरची रोड स्थित एक गोदाम में रेड की। मौके से प्रतिबंधित कफ सिरप, इंजेक्शन और नशीली दवाओं का बड़ा स्टॉक मिला। यहां से इनकी अवैध सप्लाई किए जाने की भी जानकारी थी। टीम ने गोदाम में छापेमारी कर 775 बॉक्स प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त किए। वहीं 162 बॉक्स इंजेक्शन और अन्य नशीली दवाएं बरामद कीं।

कफ सिरप में कोडिन फॉस्फेट युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप शामिल है। कार्रवाई की भनक लगते ही अवैध कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए। टीम ने गोदाम को सील कर दिया है। अब गोदाम के मालिक और दवा कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।