बेंगलुरु (कर्नाटक)। अमेजन के बिना लाइसेंस वाले गोदामों पर रेड की खबर है। मौके से 4 लाख रुपये कीमत की दवाएं जब्त की हैं। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने की। ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के दो गोदामों से 4,02,352 की दवाएं जब्त की हैं। यह कार्रवाई बिना वैध ड्रग लाइसेंस के दवाओं के अवैध भंडारण की सूचना पर की गई।
पहली छापेमारी अनेकल तालुक के थट्टानहल्ली स्थित मेसर्स अमेजन सेलर सर्विसेज परिसर में की गई। औषधि अधिकारियों ने यहां से 2,45,352 मूल्य की दवाएं जब्त कीं। दूसरी कार्रवाई देवनहल्ली के एयरोस्पेस स्थित अमेजन केंद्र पर की गई। यहां बिना लाइसेंस वाले परिसर से 1,57,000 की दवाएं बरामद कीं। विभाग ने इसे अवैध दवा भंडारण के खिलाफ त्वरित और समन्वित कार्रवाई बताया है। इस मामले में अमेजन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग ने बेंगलुरु हॉकी क्लब का भी निरीक्षण किया। इस दौरान क्लब परिसर में 40 बोतलें एक्सपायर्ड सॉफ्ट ड्रिंक्स की मिली। सोडा की बोतलों पर एफएसएसएआई द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार लेबल नहीं लगे थे। रिपोर्ट में भोजन पकाने और भंडारण क्षेत्रों में भारी अस्वच्छता दर्ज की गई। अधिकारियों ने रसोई में कीट-पतंगों का प्रकोप पाया। इससे खाद्य सामग्री के दूषित होने का गंभीर खतरा बना हुआ था।
टीम ने सभी एक्सपायर्ड और गैर-मानक लेबल वाले उत्पादों को जब्त कर लिया। क्लब के खाद्य व्यवसाय संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया। विभाग ने स्पष्ट किया कि ये कमियां खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों से सीधे जुड़ी हैं। संबंधित संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










