औरंगाबाद (बिहार)। निजी हॉस्पिटल की छत पर सरकारी सप्लाई की 251 दवाएं मिली हैं। दाउदनगर-बारुण रोड स्थित एक निजी हॉस्पिटल की छत पर बने कमरे में ये दवाएं बरामद हुई। इस कार्रवाई में कुल सात प्रकार की 251 दवाएं पाई गईं। मामले में औषधि एवं अंगराग नियमावली, 1945 के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।

यह है मामला

दाउदनगर-बारुण रोड स्थित अमेज हेल्थ केयर हॉस्पिटल में यह छापेमारी की गई। निजी हॉस्पिटल की छत पर अनाधिकृत रूप से एक कमरे में सरकारी सप्लाई की दवाएं पाई गईं। इसके बाद टीम ने दवाओं को जब्त करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

टीम के साथ दाउदनगर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल भी मौजूद रहे। एसडीओ अमित राजन ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। यह जांच का विषय है कि सरकारी सप्लाई की दवाएं निजी हॉस्पिटल में कैसे पहुंचीं। उन्हें वहां क्यों रखा गया था। अधिकारियों द्वारा मामले में आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।