पूर्णिया/बैसा (बिहार)। अवैध मेडिकल स्टोर पर रेड कर 40 प्रकार की दवाएं जब्त की गई हैं। यह कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग और औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने की। टीम ने रौटा थाना क्षेत्र के खुशहालपुर चौक स्थित अवैध मेडिकल दुकान पर छापेमारी की। मौके से करीब 40 प्रकार की दवाएं जब्त कीं। जांच में सरकारी दवाओं के साथ फिजिशियन सैंपल भी मिले।
ड्रग इंस्पेक्टर प्रेम भास्कर ने बताया कि टीम के पहुंचते ही दुकान संचालक डॉ. वसी अहमद उर्फ डॉ. पप्पू फरार हो गए। बरामद दवाओं में से तीन संदिग्ध दवाओं के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी। दुकान में दवाओं की बिक्री और भंडारण से संबंधित कागजात की भी जांच की। औषधि नियंत्रक रंजन कुमार ने बताया कि अब तक करीब आधा दर्जन अवैध मेडिकल दुकानें पकड़ी जा चुकी हैं।










