लखनऊ। न्यू वेदांता अस्पताल में महिला की मौत पर हंगामा होने का मामला सामने आया है। दुबग्गा के अंधे की चौकी स्थित न्यू वेदांता अस्पताल स्थित है। इसमें इलाज के दौरान 23 वर्षीय महिला की मौत हो गई। नाराज परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया और अस्पताल के बाहर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। अस्पताल में जमा सात हजार रुपये भी पुलिस ने परिजनों को वापस करा दिए। इसके बाद वे शव लेकर चले गए।

यह है मामला

अतरौली के भटपुर निवासी प्रीति गौतम को कई दिनों से बुखार था। तबीयत बिगडऩे पर प्रीति को अतरौली के न्यू बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के बाद हालत बिगडऩे पर डॉक्टरों ने उसे न्यू वेदांता अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि न्यू वेदांता अस्पताल में प्रीति को ग्लूकोज चढ़ाया गया। कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। अस्पताल के निदेशक डॉ. धीरेंद्र यादव ने आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि महिला के पेट और आंत से रक्तस्राव हुआ था। इससे शरीर के अंदर काफी खून जमा हो गया था। इसी वजह से उसकी मौत हुई। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि परिजनों की शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।