सिंगरौली (यूपी)। कफ सिरप और नशीली टैबलेट-कैप्सूल का जखीरा पकड़ा गया है। सिंगरौली जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का पर्दाफाश हुआ है। बरगवां पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से नशीली दवाओं का जखीरा बरामद किया है। आरोपियों से 1,318 बोतल कोडीनयुक्त कफ सिरप मिली हैं। इनके अलावा 52,560 टैबलेट-कैप्सूल जब्त किए हैं। एक बोलेरो और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पड़ताल कर रही है।
यह है मामला
बरगवां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। पता चला कि कोडीनयुक्त कफ सिरप और नशीली दवाओं का अवैध भंडारण एवं बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने स्टार मेडिकल स्टोर के पास दबिश दी। सुकसेन बैस निवासी ग्राम सेमुआर को पकड़ा। उसके पास मोटरसाइकिल पर दो पेटियों से कफ सिरप की 238 शीशियां बरामद हुईं। इनकी कीमत 45,458 रुपये बताई गई है। हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
पुलिस ने स्टार मेडिकल स्टोर के संचालक नीतीश कुमार बैस से पूछताछ की। इसके बाद गांव में ईट प्लांट में बने सीमेंट गोदाम में दबिश दी गई। यहां से कफ सिरप की 1,080 शीशियां बरामद हुईं। पुलिस ने गोदाम से DIPATRAM PLUS के 10,080 कैप्सूल, Pyeevon Spas-T के 17,280 कैप्सूल और ALZOMAC-0.5 की 25,200 टैबलेट भी जब्त की। मौके से बोलेरो, कीमत करीब 8 लाख रुपये की जब्त की है।





