लखनऊ (यूपी)। नकली दवाएं सीज करने का मामला प्रकाश में आया है।इनमें 30 से ज्यादा ब्रांड की दवाएं मिलीं हैं। आरोपी 45 फर्मों को नामजद किया गया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने 7.57 करोड़ की नकली दवाएं सीज की हैं। नकली और काउंटरफिट दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चल रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। इस मामले में 24 एफर्आआर दर्ज कराई गई हैं।
इनमें 45 फर्मों और 90 लोगों को नामजद किया गया है। दवा कंपनियों के चर्चित ब्रांड की पैकिंग और लेबल की नकल कर नकली दवाएं बाजार में बेची जा रही थीं। यह नेटवर्क यूपी के अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश तक फैला हुआ था। अमरोहा और मुरादाबाद में एक ही नाम और पार्टनरशिप के तहत आठ दवा फर्मों के लाइसेंस लेकर फर्जी बिलिंग का खेल चल रहा था। इन फर्मों के जरिए दवाओं का भंडारण और अवैध वितरण किया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब नकली दवाओं के मुख्य निर्माण स्रोत और सप्लाई चेन से जुड़े दूसरे लोगों की तलाश की जा रही है।
एक दवा के सैंपल से नेटवर्क का पता चला
अमरोहा स्थित आरबी मेडिकल स्टोर से मोक्सीफीट-सीवी 625 टैबलेट का सैंपल लिया था। इस दवा को जांच के लिए प्रयोगशाला, लखनऊ भेजा गया। जांच में दवा नकली पाई गई। इसके बाद वास्तविक निर्माता पोलिस्टर पावर इंडस्ट्रीज और मार्केटर हेल्थप्राइड से भी बैच की पुष्टि कराई गई। दोनों कंपनियों ने इसे नकली बताया। इसके बाद दवा सप्लाई चेन की जांच शुरू की। पड़ताल में मुरादाबाद की जेड आर मेडिकल के जरिए अमरोहा और मुरादाबाद की एरिबा फार्मास्युटिकल्स तक नेटवर्क के तार पहुंचे। पता चला कि एक ही नाम और पार्टनरशिप के तहत आठ अलग-अलग दवा फर्मों के लाइसेंस लिए गए थे। इनका इस्तेमाल वास्तविक खुदरा बिक्री के बजाय फर्जी बिलिंग, नकली दवाओं के भंडारण और वितरण में किया जा रहा था।
फर्जी बिलिंग से चला रहे थे कारोबार
मुख्यालय के निर्देश पर किए गए औचक निरीक्षण में एरिबा फार्मास्युटिकल्स के पार्टनर अमित कुमार ने आसिफ से नकली दवा लेकर उसके वितरण करने का पता चला। इस मामले में मुरादाबाद थाने में अमित कुमार, आसिफ, वासिफ और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने रविंदर, शिवम और आसिफ को गिरफ्तार किया है। विभाग ने अवैध कारोबार में शामिल फर्मों के दवा लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरू की है।





