फरीदाबाद (हरियाणा)। लाइसेंस के बिना एलोपैथिक दवाएं दुकान में रखने पर जब्त की गई हैं। यह कार्रवाई औषधि विभाग और राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की संयुक्त टीम ने की। टीम ने जवाहर कॉलोनी स्थित एक दुकान पर छापा मारा।
मौके से मांसपेशियां बढ़ाने वाले इंजेक्शन और एनाबॉलिक स्टेरॉयड सहित 17 प्रकार की एलोपैथिक दवाएं बरामद कीं। दुकान संचालक इन दवाओं की बिक्री और भंडारण के लिए जरूरी लाइसेंस तथा खरीद से संबंधित दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने सभी दवाएं जब्त कर लीं।
यह है मामला
औषधि विभाग को ‘मानस’ पोर्टल पर शिकायत मिली थी। इसमें आरोप था कि ‘फिटनेस एंथम न्यूट्रिशन’ नाम की दुकान पर प्रतिबंधित स्टेरॉयड और मांसपेशियां बढ़ाने वाली दवाओं का भंडारण व बिक्री की जा रही है। शिकायत पर संयुक्त टीम ने दुकान संचालक मुकुल कौशिक की मौजूदगी में दुकान का निरीक्षण किया। छापेमारी के दौरान दुकान में पोषण संबंधी उत्पादों के साथ कई तरह की एलोपैथिक दवाएं भी मिलीं। इनमें टैबलेट व इंजेक्शन दोनों शामिल थे।





