गया (बिहार)। लाइसेंस बगैर संचालित मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की गई है। औषधि विभाग की टीम ने प्रोफेसर कॉलोनी स्थित मगध हार्ट एंड चाइल्ड केयर क्लीनिक में दबिश दी। यहां बिना लाइसेंस के संचालित दवा दुकान में जांच की। टीम ने करीब सौ प्रकार की दवा की खरीद-बिक्री आदि की जांच की। बिक्री बिल नहीं दिखाने पर करीब तीन लाख रुपये की दवाएं जब्त कर ली गयी।
यह है मामला
औषधि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के तहत जिला औषधि नियंत्रक डॉ. सच्चिदानंद विक्रांत के नेतृत्व में टीम क्लीनिक पहुंची। प्रोफेसर कॉलोनी स्थित मगध हार्ट एंड चाइल्ड केयर क्लीनिक में दवा दुकान की जांच की। टीम में डीआई सत्येंद्र कुमार (शेखपुरा), गया के डीआई इशु भारद्वाज व संजीव कुमार भी शामिल रहे।
संचालक से दवाओं के बिक्री बिल मांगे गए। वह इन्हें दिखा पाने में असफल रहा। इसके चलते करीब तीन लाख रुपये की दवाएं जब्त कर ली गयी। औषधि नियंत्रक ने बताया कि औषधि विभाग के चिह्नित प्रतिष्ठान में कार्रवाई की गयी है। अब विभागीय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई होगी। चिह्नित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।





