रांची। पलामू के ड्रग इंस्पेक्टर अबरार आलम को ट्रांसफर हो गया है। उनके ट्रांसफर के आदेश स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने जारी किए। मंत्री ने ये आदेश पलामू के सिविल सर्जन डॉ. कलानंद मिश्रा के अनुरोध पर दिए। सिविल सर्जन डॉ. मिश्रा का कहना था कि अबरार आलम अपना काम करने के बजाए राजनीति में रुचि ले रहे हैं। अत: प्रशासनिक दृष्टिकोण से उनका तबादला किसी दूसरे जिले में किया जाए।
मंत्री के इस आदेश पर कार्रवाई भी शुरू हो गई है। उधर, इस मामले में ड्रग इंस्पेक्टर अबरार आलम का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य मंत्री को ऐसा क्यों लिखा है। दरअसल पिछले साल सितंबर में सिविल सर्जन कार्यालय द्वारा खरीदी गई दवाओं की जांच हुई। इसमें कई दवाओं की रिपोर्ट घटिया आई है। इसमें कार्रवाई भी हो रही है। दवाओं की जांच सेंट्रल से आई टीम ने की थी। इसमें उनकी कोई भूमिका नहीं थी। शायद इसी कारण वे नाराज हैं।