नवलगढ़। अस्पताल से इंजेक्शन चोरी मामले में एक और आरोपी अरेस्ट हुआ है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में की गई। राजकीय जिला चिकित्सालय नवलगढ़ के सीएमओ डॉ. महेन्द्र सबलानिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

बताया कि मेल वार्ड की आलमारी से दवाइयां और इंजेक्शन कम पाए गए। जांच के दौरान एक संदिग्ध लडक़ी के पास से 8 ह्यूमन एल्ब्यूमिन इंजेक्शन बरामद हुए थे। बाद में गठित जांच कमेटी की रिपोर्ट में कुल 323 इंजेक्शन गायब पाए गए। इस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी दीपेन्द्र सैनी को गिरफ्तार किया। आरोपी वर्तमान में जयपुर के एक निजी अस्पताल में डायलिसिस कर्मी था। इससे पहले पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों दीपाली कुमावत, देवेन्द्र सिंह और विकास को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।