आगरा (उप्र)। दवा बिक्री में गड़बड़ी मिलने पर मेडिकल स्टोर का लाइसेंस कैंसिल किया गया है। औषधि विभाग ने राजपुर चुंगी स्थित ब्लू वेव मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निलंबित किया है। यहां शेड्यूल एच-1 की दवाओं की बिक्री में गड़बड़ी पकड़ी थी। निरीक्षण में इन दवाओं की खरीद-बिक्री के बिल नहीं मिले थे। नोटिस देने पर भी विक्रेता रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करा पाए।
यह है मामला
सहायक आयुक्त औषधि अतुल उपाध्याय ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी। राजपुर चुंगी स्थित ब्लू वेव मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाओं की बिना बिल और डॉक्टर के पर्चे के बिक्री का पता चला। इस पर औषधि विभाग की टीम को जांच करने के लिए भेजा। यहां मौके पर संचालक सचिन कुशवाहा मिले। मौके पर फार्मासिस्ट नहीं पाए गए। कुछ देर बाद फार्मासिस्ट आ गए। जांच करने पर शेड्यूल एच-1 दवाओं की बिक्री में गड़बड़ी मिली। पांच दवाओं के बिक्री बिल नहीं मिले। ऐसे में इनको बिल समेत अन्य रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के लिए नोटिस दिया। ये जमा नहीं कर सके हैं। ऐसे में मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। दवाओं की बिक्री करने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।










