उत्तर 24 परगना (पश्चिम बंगाल )। दवा तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। एनफोर्समेंट ब्रांच (EB), ड्रग कंट्रोल डिपार्टमेंट और पुलिस की एक संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। सीमावर्ती जिले उत्तर 24 परगना में एक दवा की दुकान और दो गोदामों को सील कर दिया है। यहां से बड़ी मात्रा में अवैध दवाएं बरामद की गईं। माना जा रहा है कि इनकी बांग्लादेश में तस्करी की जानी थी।

यह है मामला

सीमा के पास स्वरूपनगर इलाके के बिथारी बाजार में लॉयड मेडिकल में अभियान चलाया गया। टीम ने फ़ार्मेसी और उसके दो गोदामों की तलाशी ली। जांचकर्ताओं ने बिना वैध खरीद दस्तावेजों वाली दवाओं के कई कार्टन बरामद किए। शक है कि इन दवाओं को बांग्लादेश में तस्करी करने के लिए जमा किया जा रहा था। ज़ब्त की गई दवाओं को जांच के लिए भेजा गया है। संबंधित कागज़ात की जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद अधिकारियों ने दुकान और दोनों गोदामों को सील कर दिया। छापेमारी के दौरान दुकान के मालिक शाहिदुल मंडल और उनके बेटे लॉयड मंडल नहीं मिले। दोनों अभी फ़रार हैं। अधिकारियों ने कहा कि उन्हें खोजने की कोशिशें जारी हैं।