सोनभद्र (उप्र)। ऑपरेशन में लापरवाही के आरोप में अस्पताल को सील किया है। जिलाधिकारी से इस संबंध में शिकायत की गई थी। उनके निर्देश पर नायब तहसीलदार ने कम्हारी स्थित उपकार हॉस्पिटल एंड मल्टी स्पेशियलिटी आयुर्वेदिक पंचकर्मा एवं न्यूरोथैरेपी सेंटर को सील कर दिया। पीड़ित महिला का आरोप था कि शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

यह है मामला

परासी पांडेय गांव निवासी सुनीता ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया था। इसमें आरोप लगाया था कि बच्चेदानी के ऑपरेशन के लिए उसे उपकार हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के दौरान कथित तौर पर उसकी पेशाब की थैली कट गई। इसके बाद लगातार पेशाब निकलने की समस्या होने लगी। हालत बिगड़ने पर उसे आगे का उपचार दूसरे अस्पताल में कराना पड़ा। उपचार के दौरान उसे शारीरिक परेशानी के साथ आर्थिक कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ा।

महिला का आरोप है कि उसने राबर्ट्सगंज कोतवाली में भी न्याय की गुहार लगाई। इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने जिलाधिकारी से न्याय दिलाने की मांग की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। सीएमओ डा.रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि अस्पताल को सील कर दिया है। मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।