अमरोहा (उप्र)। अवैध मेडिकल स्टोर पर रेड कर 76 हजार की दवाएं सीज की गई हैं। औषधि निरीक्षक ने जोया कस्बे में अवैध संचालित मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। मौके से 76 हजार से ज्यादा कीमत की दवाएं जब्त कर ली। दवाओं को सीज करते हुए मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है। जब्त दवाओं में तीन के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। लैब की रिपोर्ट मिलने के बाद विभागीय स्तर से कार्रवाई की जाएगी।

यह है मामला

औषधि निरीक्षक रुचि बंसल ने जोया कस्बे में अवैध मेडिकल स्टोर पर छापा मारा था। बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर पर नकली दवाएं बेचने की शिकायत की गई थी। कार्रवाई के दौरान मोहल्ले की महिलाओं ने इसका विरोध किया। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद औषधि निरीक्षक ने कुल 76933 रुपये कीमत की दवाएं जब्त की।

मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। जब्त की गईं दवाओं में से तीन दवाओं के सैंपल लिए हैं। औषधि निरीक्षक ने बताया कि मेडिकल स्टोर बिना औषधि विक्रय लाइसेंस संचालित था। बड़ी मात्रा में एलोपैथिक औषधियों को फॉर्म-16 पर सीज कर अभिरक्षा में लिया गया। इनमें तीन संदिग्ध दवाओं के नमूनों को जांच के लिए भेजे हंै। जांच रिपोर्ट मिलने पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।