अहमदाबाद (गुजरात)। नकली कॉस्मेटिक्स बिक्री रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। अहमदाबाद के बहरामपुरा से संचालित नकली सौंदर्य प्रसाधन निर्माण का मामला सामने आया। मौके से 11.68 लाख रुपये मूल्य के नकली साबुन और फेसवाश जब्त किए हैं। पुणे स्थित एक प्रतिष्ठित कंपनी के पंजीकृत ट्रेडमार्क और लोगो की नकल की गई। अपने ब्रांड के तहत नकली त्वचा उत्पादों की बिक्री करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बहरामपुरा के गोदाम पर लक्षित छापेमारी में भारी मात्रा में नकली माल बरामद हुआ।
यह है मामला
खुफिया जानकारी पर पुलिस ने बहरामपुरा में सिकंदर मार्केट रोड के पास एक गोदाम पर छापा मारा। तलाशी के दौरान दानिलिम्दा निवासी मोहम्मद जुनैद यूनुसभाई पटेल को अरेस्ट किया। उसे अवैध उत्पादन और पैकेजिंग इकाई चलाते हुए पकड़ा।
अधिकारियों ने 3,894 नकली साबुन की इकाइयाँ बरामद कीं। इनकी कीमत 3,89,400 थी। साथ ही 6,490 नकली फेसवाश की इकाइयाँ भी बरामद कीं। इनकी कीमत 7,78,800 थी। जब्त किए सामान और खाली पैकिंग बॉक्स को मिलाकर बरामद माल का कुल मूल्य 11,68,200 हो गया।
यह कार्रवाई न्यू रानीप के शुकन सिटी निवासी जयदीपभाई सुभाषभाई भट्टी की शिकायत पर की गई है। भट्टी पुणे स्थित यामी घर शॉप के लिए ट्रेडमार्क और कॉपीराइट संरक्षण का काम संभालते हैं। भट्टी को पता चला कि उनकी कंपनी के पंजीकृत लोगो और ब्रांड डिजाइन वाले नकली उत्पाद बाजारों में बिक रहे हैं। उन्होंने कंपनी के एक अन्य अधिकारी सुभाषभाई भुटोरिया के साथ मिलकर पुलिस को सतर्क किया।
आरोपी मोहम्मद जुनैद पटेल नकली पैकेजिंग पर अपने ब्रांड किसरा के स्टिकर चिपकाकर खुदरा बाजारों में बेचता था। पुलिस ने पटेल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आगामी कानूनी कार्यवाही कर रही है।










