नई दिल्ली। FSSAI ने 2 फूड कंपनियों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने TCF चॉकलेट्स एंड गिफ्ट्स और शिवम एग्रो के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। इन कंपनियों की जांच में फूड सेफ्टी और साफ-सफाई से जुड़ी गंभीर कमियां मिली थीं।
ये कार्रवाई तब शुरू की गई जब आनलाइन ऑर्डर किए गए खाने को लेकर एक ग्राहक ने शिकायत की। इसके बाद TCF चॉकलेट्स एंड गिफ्ट्स की जांच की गई। FSSAI अधिकारियों को फ़ूड प्रोसेसिंग एरिया में गंदगी, कीड़े-मकोड़े और बिना ढके हुए नाले मिले। परिसर में एक्सपायर हो चुके फूड कलर और फ्लेवर भी मिले। सफाई में इस्तेमाल होने वाले केमिकल कच्चे माल और खाने-पीने की चीजों के पास रखे मिले। इससे दूषित होने का खतरा बढ़ गया। खाना बनाने वाले कर्मचारियों की साफ-सफाई और सुरक्षा के तरीकों में भी कमी मिली।
शिवम एग्रो पर भी हुई कार्रवाई
शिवम एग्रो में भी इसी तरह के उल्लंघन पाए गए। वहां फैसिलिटी में मक्खियां, कचरा, जमा हुआ सीवेज का पानी और मकड़ियों का जाल देखा। फर्श, इक्विपमेंट, दीवारों और छतों की सफाई ठीक से नहीं हो रही थी। चूहों की मौजूदगी और कीड़े-मकोड़ों को रोकने के बेअसर तरीकों के सबूत भी मिले। जांच में स्टोरेज के गलत तरीकों का भी पता चला। इसमें खाने की सामग्री और खाने से जुड़ी न होने वाली चींजों को एक साथ रखा गया था। खाने-पीने के प्रोडक्ट्स को कॉरिडोर और अस्थायी स्टोरेज एरिया में भी रखा गया था।
फैसिलिटी में जंग लगे और खराब हो चुके इक्विपमेंट पाए गए। खाने वाले तेल को मिलाने के लिए लोहे और फेरस टैंक और बर्तनों का इस्तेमाल किया जा रहा था। रेगुलेटर ने शिवम एग्रो में काम करने वाली इन-हाउस लैब न होने की बात भी उठाई। कहा कि कंपनी इंस्पेक्शन के दौरान तैयार फूड प्रोडक्ट्स की समय-समय पर होने वाली टेस्टिंग के रिकॉर्ड नहीं दिखा पाई।
दोनों कंपनियों की लेबलिंग में कमियां पाई गईं। TCF चॉकलेट्स एंड गिफ्ट्स ने लेबल पर फूड प्रोडक्ट्स के नाम ठीक से नहीं बताए थे। शिवम एग्रो ने प्लांट-बेस्ड खाने वाले तेल के प्रोडक्ट पर सर्विंग की जानकारी और कोलेस्ट्रॉल की मात्रा गलत बताई थी। FSSAI ने दोनों कंपनियों को सस्पेंशन पीरियड के दौरान तुरंत अपना सारा फूड बिजनेस बंद करने का निर्देश दिया है।










