मुंबई (महाराष्ट्र)। खाद्य सुरक्षा उल्लंघन पर 3 होटलों के लाइसेंस निलंबित किए हैं। यह कार्रवाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने की। स्वच्छता सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन पाया गया था। भेंडी बाजार और उमरखाड़ी में छह होटलों की जांच की थी। तीन होटल नियमों का पालन करने में विफल रहे। इसके बाद उनके लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।

पहले होटल में मिलीं 25 कमियां

पहले होटल की जांच की गई थी। इसके बाद उसे सुधार का नोटिस दिया गया था। दोबारा जांच की तो 25 बड़ी कमियों को सुधारा नहीं गया था। इसके बाद लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। कच्चे माल की खरीद का रिकॉर्ड नहीं था। तेल की गुणवत्ता का दस्तावेज नहीं मिला। शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को अलग-अलग रखने की व्यवस्था नहीं थी। खिड़कियों पर जाली न होने से कीड़े अंदर आ रहे थे।

दूसरे होटल में गंदगी का अंबार

दूसरे होटल में गंदगी मिलने पर लाइसेंस निलंबित कर दिया। यहां रसोई के फर्श पर जले हुए काले तेल की मोटी परतें जमी थीं। भोजन बनाने वाली जगह के पास खिड़कियां खुली थीं। इससे मक्खियां, कीड़े और पक्षी अंदर आ रहे थे। दीवारों और छतों से पेंट उखड़ रहा था। उन पर भारी ग्रीस जमा था। कच्चे माल का भंडारण अस्वच्छ था। बर्तनों की सफाई नहीं थी. पानी की जांच का कोई रिकॉर्ड नहीं था।

तीसरे होटल का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया। यहां भोजन, रसायनों और पैकिंग सामग्री को रखने की व्यवस्था ठीक नहीं थी। दरवाजों पर कीड़ों से बचाव की कोई जाली नहीं थी। घटिया सामग्री से बने उपकरणों का उपयोग किया जा रहा था। दीवारों और छतों का प्लास्टर टूटा हुआ था। पेंट उखड़ रहा था। यहां भी भोजन और पानी की जांच का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। एफडीए ने कहा है कि वह होटलों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।