मुजफ्फरपुर। एक्सपायरी दवा के साथ अरेस्ट अवैध नर्सिंग होम मालिक रिहा हो गया है। इसके पीछे स्वास्थ्य और पुलिस विभाग की आपसी सुस्ती को कारण माना गया है।
यह है मामला
स्वास्थ्य विभाग ने एसकेएमसीएच के आसपास के निजी नर्सिंग होम में छापेमारी की थी। इस दौरान एक हेल्थ केयर नर्सिंग होम से भारी मात्रा में एक्सपायरी दवाएं बरामद की गईं। यह सीधे तौर पर मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ था। टीम ने नर्सिंग होम संचालक सुधीर कुमार को हिरासत में लिया। कार्रवाई के लिए अहियापुर पुलिस को सौंप दिया गया। इस कामयाबी के बाद उम्मीद थी कि स्वास्थ्य माफियाओं पर कानून का डंडा चलेगा। लेकिन हुआ इसके बिल्कुल उलट। ड्रग विभाग के किसी अधिकारी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं करवाई।
इधर, अहियापुर थाना पुलिस ने भी हाथ पर हाथ धरे रखना बेहतर समझा। कोई लिखित आवेदन न मिलने के कारण पुलिस ने नर्सिंग होम संचालक सुधीर कुमार को निजी मुचलके पर छोड़ दिया।










