नई दिल्ली। डेंगू के खिलाफ ‘Qdenga’ वैक्सीन को भारत में हरी झंडी मिली है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि टाकेडा बायोफॉर्मास्युटिकल्स इंडिया के इस टीके को वैज्ञानिक परीक्षणों के बाद आम लोगों के लिए अनुमति दी गई है।
यह भारत का पहला डेंगू टीका है। इसे इस बीमारी से बचाव के लिए बाजार में उतारने की मंजूरी मिली है। इससे पहले टाकेडा बायोफॉर्मास्युटिकल्स इंडिया ने भी जानकारी दी थी। बताया था कि औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने टीके के विपणन को स्वीकृति दे दी है।
यह वैक्सीन जर्मनी की टाकेडा जीएमबीएच द्वारा विकसित और टाकेडा बायोफॉर्मास्युटिकल्स इंडिया द्वारा आयातित है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने इस टेट्रावेलेंट डेंगू वैक्सीन को सभी मानकों पर खरा पाने पर मंजूरी दी है।
क्यूडेंगा एक लाइव एटेन्यूएटेड टेट्रावेलेंट डेंगू वैक्सीन है। इसे रिकांबिनेंट डीएनए तकनीक से विकसित किया गया है। इसे उपयोग से पहले घोलने के लिए फ्रीज-ड्राइड पाउडर के रूप में उपलब्ध कराया जाता है। त्वचा के नीचे (सबक्यूटेनियस) इंजेक्शन के जरिए लगाया जाता है। कंपनी के मुताबिक इस टीके को 42 देशों में पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। अब तक इसकी 2.4 करोड़ से अधिक डोज वितरित की जा चुकी हैं।










