अररिया (बिहार)। प्रतिबंधित नशीली दवा की नेपाल सीमा में तस्करी पकड़ी गई है। यह कार्रवाई नेपाल की झापा पुलिस ने की। आरोपी बिहार के अररिया जिले के रहने वाले दो भारतीय युवक हैं। दोनों को भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।
पुलिस की संयुक्त छापेमारी
झापा पुलिस ने नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना पर विशेष अभियान चलाया। पुलिस टीम ने कंकाई नगरपालिका-2 स्थित एस फुल सेकुवा कॉर्नर के समीप घेराबंदी की। मौके से दो भारतीय युवकों को धर दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपी बिहार के अररिया जिले के मो. एहवाल व अजर अंसारी हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीले पदार्थों का बड़ा जखीरा बरामद किया।
इसमें ट्रामाडोल कैप्सूल 7,200, निट्जास्केल प्रतिबंधित टैबलेट 7,450 तथा हेरोइन 102.310 ग्राम मिली हैं। नेपाल पुलिस ने बरामद सभी मादक पदार्थों को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले में शामिल अन्य तस्करों की पहचान की जा रही है।










