मधुबनी। प्रतिबंधित कोडीन सिरप व नाइट्राजेपाम टैबलेट की तस्करी पकड़ी गई है। भारत-नेपाल सीमा पर बासोपट्टी थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। इस दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

विशेष गश्ती के दौरान हुई कार्रवाई

गश्ती टीम ने गुप्त सूचना पर कटैया निवासी रंजन शाह को गिरफ्तार किया। तलाशी में 40 नाइट्राजेपाम टैबलेट, कोडीन फॉस्फेट व ट्राइप्रोलिडीन एचसीएल युक्त 10 बोतल सिरप बरामद हुआ। आरोपी ने बताया कि प्रतिबंधित दवाएं उसे मधुबनी निवासी संजीव कुमार, जो एमआर है, से मिली थीं।

जानकीनगर एसएसबी ने इस मामले में बासोपट्टी थाना को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष कार्तिक भगत ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी भूमिका की पड़ताल की जा रही है। गिरफ्तार रंजन शाह पहले भी नशीली दवाओं की तस्करी में जेल जा चुका है।