दन्नाहार, मैनपुरी (उप्र)। CHC पर तैनात फार्मासिस्ट के नाम पर दिल्ली में मेडिकल स्टोर संचालित मिला है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दन्नाहार पर तैनात फार्मासिस्ट ने अपने फार्मेसी डिप्लोमा का दुरुपयोग किया है। उनके नाम से दिल्ली में मेडिकल स्टोर संचालन हो रहा था। धोखाधड़ी का खुलासा होने पर फार्मासिस्ट पर एफआईआर दर्ज कराई है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घिरोर के चिकित्साधीक्षक प्रवीन कुमार ने प्राथमिकी दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि फार्मासिस्ट प्रदीप दीक्षित के विरुद्ध ओमवीर सिंह ने शिकायत की थी। जांच में सामने आया कि प्रदीप के फार्मासिस्ट डिप्लोमा से दिल्ली में मेडिकल स्टोर संचालित हो रहा था।
प्रदीप दीक्षित चिकित्सा विभाग में फार्मासिस्ट के पद पर सेवारत है। विभाग से तथ्य छिपाकर सरकारी सेवा में रहते हुए दिल्ली में मेडिकल स्टोर उनके नाम से संचालित िमला। जांच के दौरान जब जानकारी ली गई तो भ्रामक तथ्य प्रस्तुत किए। यह विभाग के साथ धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।










