लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। मेडिकल सप्लाई कॉर्पोरेशन में एक बार फिर मनमानी पकड़ी गई है। यहां कंपनी की दवा घटिया मिलने पर फर्जी चेक की पड़ताल हुई। यह चेक भी फर्जी निकला है। अब कंपनी को पांच साल के लिए ब्लैक लिस्टेड कर दिया है। सप्लाई कॉर्पोरेशन में उज्जैन की कंपनी बोकेम हेल्थ केयर ने दवाओं की आपूर्ति की। कॉर्पोरेशन ने इन दवाओं की जांच कराई।
कई बैच की दवाओं की गुणवत्ता खराब मिली। इसमें ज्यादातर दवाएं मौसमी बीमारियों में प्रयोग होने वाली थीं। कंपनी की आपूर्ति रोक दी गई। अस्पतालों से संबंधित बैच की दवाओं की खपत रोक दी गई है। कंपनी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। कंपनी को नोटिस जारी किया गया। जवाब न मिलने पर उसकी धरोहर राशि जब्त करने की कार्रवाई शुरू की। पता चला कि कंपनी की ओर से धरोहर राशि के रूप में जमा 1.91 करोड़ के चेक जाली हैं। कॉर्पोरेशन ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कंपनी को उत्तर प्रदेश में पांच वर्ष के लिए ब्लैक लिस्टेट कर दिया है।
जानकारों का कहना है कि कंपनियां जानबूझ कर घटिया दवाएं सप्लाई करती हैं। पिछले दिनों आगरा में एफएसडीए की जांच में भी निजी गोदाम में मेडिकल सप्लाई कॉर्पोरेशन की दवाएं पकड़ी जा चुकी हैं।










