करनाल (हरियाणा)। लिंग जांच करते आरोपी को स्वास्थ्य विभाग ने रंगे हाथों पकड़ा है। यह कार्रवाई मंगल कॉलोनी (पार्ट-2) में की गई। एक व्यक्ति को पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन के साथ गिरफ्तार किया है।
पानीपत स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि करनाल के एक घर में लिंग जांच का अवैध धंधा चल रहा है। करनाल और पानीपत की टीमों ने संयुक्त रणनीति बनाई। विभाग ने एक गर्भवती महिला को फर्जी ग्राहक बनाकर भेजा। आरोपी ने ग्राहक को सुबह 6 बजे करनाल के नमस्ते चौक पर बुलाया। आरोपी ने मोबाइल जैसी दिखने वाली छोटी पोर्टेबल मशीन से जांच की। आरोपी ने गर्भ में लड़की होने की पुष्टि की। पहले से तैनात टीम ने इशारा मिलते ही दबिश दे दी। पकड़े गए आरोपी की पहचान संजय के रूप में हुई है। वह मूल रूप से फफड़ाना गांव का रहने वाला है। पिछले 8 महीनों से मंगल कॉलोनी में रह रहा था।
आरोपी एक जांच के लिए 30,000 रुपये वसूलता था। आरोपी के खिलाफ साल 2019 में भी इसी तरह का मामला दर्ज हो चुका है। आरोपी के पास से एक अवैध पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन मिली है।










