जौनपुर (यूपी)। प्रतिबंधित दवा बिक्री की शिकायत पर 2 मेडिकल स्टोर पर रेड की गई। ड्रग इंस्पेक्टर रजत कुमार पांडेय ने जलालपुर में मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई की। ड्रग विभाग की टीम ने महिमापुर स्थित ‘न्यू लालता मेडिकल स्टोर’ पर अचानक दबिश दी।

टीम ने मेडिकल स्टोर और उसके मालिक के घर की भी तलाशी ली। इस पूरी कार्रवाई की रिकॉर्डिंग कैमरे में की गई। हालांकि, जांच के दौरान मौके पर कोई प्रतिबंधित दवा नहीं मिली। टीम ने शक के आधार पर 5 दवाओं के सैंपल लिए हैं। इसकी रिपोर्ट तैयार कर बड़े अधिकारियों को भेज दी गई।

‘न्यू लालता मेडिकल स्टोर’ पर निरीक्षण किया गया। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि इस फर्म के संचालक के भाई की भी महिमापुर जलालपुर में दवा दुकान है। ठीम ने तुरंत ‘मैसर्स गुरु कृपा मेडिकल एजेंसी’ पर भी छापा मारा। एजेंसी से 3 संदिग्ध दवाओं के सैंपल लिए गए।

जांच के दौरान वहां दवाओं के रख-रखाव और साफ-सफाई ठीक नहीं थी। इस पर टीम ने संचालक को सख्त चेतावनी दी। उन्हें दवाओं को सही तरीके से व्यवस्थित करने को कहा। इसकी रिपोर्ट भी सहायक आयुक्त (औषधि) को भेज दी गई। दोनों दुकानों से कुल 8 संदिग्ध सैंपल लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए राजकीय औषधि विश्लेषण प्रयोगशाला, लखनऊ भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।