बुलंदशहर (यूपी)। नर्सिंग होम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। मौके पर डाॅक्टर नहीं मिलने पर नर्सिंग होम बंद करा दिया है। डिबाई क्षेत्र में संचालित कई निजी अस्पतालों की अचानक जांच की गई। डिप्टी सीएमओ डॉ. गौरव सक्सेना की टीम ने कई अस्पतालों में निरीक्षण किया। टीम ने व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, मेडिकल वेस्ट के निस्तारण आदि की पड़ताल की। कार्रवाई से अस्पताल संचालकों में खलबली मच गई।

टीम ने भीमपुर दोराहे स्थित एसआई हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। यहां मेडिकल वेस्ट निर्धारित तरीके से रखा हुआ नहीं मिला। इस पर अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद पीएस हॉस्पिटल की जांच की गई। अस्पताल की लैब में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। टीम ने अस्पताल प्रबंधन को साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। वहीं लीलावती हॉस्पिटल में आवश्यक प्रमाणपत्रों को प्रमुख स्थान पर डिस्प्ले करने के निर्देश दिए।

सबसे बड़ी कार्रवाई श्री राम जानकी नर्सिंग होम में हुई। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में चिकित्सक मौजूद नहीं मिले। यहां एक मरीज भर्ती था। मरीज को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डिबाई में भर्ती कराया गया। इसके बाद नर्सिंग होम को बंद करा दिया गया।

डिप्टी सीएमओ डॉ. गौरव सक्सेना ने बताया कि डिबाई के कई अस्पतालों का निरीक्षण किया है। जहां भी कमियां मिली] वहां आवश्यक कार्रवाई की है। मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।