नई दिल्ली। दवा बाजार में रेड कर नकली रेबीज वैक्सीन की 481 यूनिट जब्त की हैं। राजधानी के भगीरथ पैलेस में ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने यह कार्रवाई की। विभाग ने एक फर्म के तीन ठिकानों से नकली रेबीज वैक्सीन की 481 यूनिट जब्त की हैं। इनकी कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। अब जांच सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं है। इसकी सप्लाई चेन को भी खंगाला जा रहा है।
इस कथित नकली वैक्सीन का कनेक्शन कानपुर की एजेंसी से सामने आया है। जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि वैक्सीन कहां से आई। यह दिल्ली तक कैसे पहुंची और क्या इसे आगे भी सप्लाई किया गया था। टीम ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की। जांच के दौरान विभाग ने वैक्सीन के निर्माता Human Biologicals Institute, तेलंगाना से कॉन्टैक्ट किया। कंपनी ने संबंधित बैच को नकली बताया। कहा कि यह बैच उसकी ओर से जारी ही नहीं किया गया था। इसके बाद विभाग ने 120 वायल को सैंपल के तौर पर लिया। बाकी 361 यूनिट के साथ सात खरीद चालान भी जब्त कर लिए।
नमूनों को जांच के लिए CRI कसौली भेजा गया है। आरोपी फर्म ने बताया कि उसने कथित नकली वैक्सीन कानपुर की एजेंसी से खरीदी थी। ड्रग्स विभाग ने यह जानकारी उत्तर प्रदेश के स्टेट ड्रग विभाग के साथ शेयर की। इसके आधार पर यूपी ड्रग विभाग ने कानपुर समेत दो ठिकानों पर छापेमारी की। मामले की गहन जांच की जा रही है।










