नई दिल्ली। खांसी की दवा 2 साल से कम उम्र के बच्चों को देने पर रोक लगा दी गई है। केंद्र सरकार कफ सिरप को लेकर नियमों को सख्त करने की तैयारी में है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रस्ताव दिया है कि दो साल से कम उम्र के बच्चों को कफ सिरप लिखने पर रोक लगाई जाए। वहीं पांच साल से कम उम्र के बच्चों के लिए इनके इस्तेमाल को हतोत्साहित किया जाए।
यह प्रस्ताव भारतीय फार्माकोपिया आयोग के नेशनल फार्मुलरी ऑफ इंडिया ड्राफ्ट का हिस्सा है। ड्राफ्ट में साफ लिखा है कि दो साल से कम उम्र के बच्चों को सर्दी की दवाएं न दी जाएं। वहीं पांच साल से कम उम्र के बच्चों में इन दवाओं का इस्तेमाल बेहद जरूरी होने पर ही किया जाए। यह दवाएं डॉक्टर की कड़ी निगरानी में दी जाएं।
दवा कंपनियों को अब केवल फार्माकोपियल ग्रेड सॉल्वेंट्स का उपयोग करना होगा। साथ ही हर बैच में कच्चे माल और तैयार दवाओं की सख्त जांच अनिवार्य होगी। यह जांच केवल मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में ही करनी होगी। उसका पूरा रिकॉर्ड भी सुरक्षित रखना होगा।










