बोकारो (झारखंड)। अस्पताल की एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने से बच्चे ने दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य व्यवस्था की नाकामी एक बार फिर से सामने आई है। बेरमो स्थित सीसीएल केंद्रीय अस्पताल ढोरी की एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म हो गई। इससे गंभीर रूप से बीमार बच्चे की मौत हो गई। बच्चे ने अपनी मां की आंखों के सामने दम तोड़ दिया। नौ साल का अमरजीत ढोरी बस्ती बडक़ीटांड़ निवासी जीतेंद्र कुमार गोस्वामी का पुत्र था।
अमरजीत की मां रीना देवी ने बेरमो थाने में शिकायत की है। बताया है कि उनके पुत्र अमरजीत की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। वे उसे सीसीएल केंद्रीय अस्पताल ढोरी में ले गए। डॉक्टर ने बताया कि बच्चे की स्थिति काफी गंभीर है। उसे बेहतर इलाज के लिए चास (बोकारो) स्थित मुस्कान हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। रात लगभग 11.15 बजे बच्चे को एंबुलेंस से चास के लिए रवाना किया।
एंबुलेंस को सनातन बांसफोड़ (गोरा) चला रहे थे। रीना ने आरोप लगाया है कि एंबुलेंस में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं थी। जब एंबुलेंस तुपकाडीह के पास पहुंची तो ऑक्सीजन खत्म हो गई। इससे अमरजीत की हालत तेजी से बिगडऩे लगी। चाहकर भी कुछ करने की स्थिति में हमलोग नहीं थे। अपनी आंखों के सामने अमरजीत ने रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।










