गुरुग्राम (हरियाणा)। वेट लॉस का झांसा देकर ठगने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस टीम ने उद्योग विहार फेज पांच में छापा मारकर तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। मौके से 102 मोबाइल फोन, 150 सिम कार्ड और 12 लैपटॉप बरामद हुए हैं। एसीपी गौरव फोगाट के निर्देशन में इंस्पेक्टर संदीप कुमार की टीम ने कार्रवाई की। आरोपित क्यूरेस्ट साइंस एंड वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड के नाम से हर्बल दवाओं के विज्ञापन चलाते थे। विज्ञापन पर क्लिक करते ही कॉल सेंटर से फोन आ जाता था। कॉल सेंटर से गिरफ्तार महिलाएं खुद को डॉक्टर, डायटीशियन बताकर लोगों को झांसे में लेती थीं। दवा से वजन न घटने पर सौ प्रतिशत रिफंड का वादा करते। इसके बाद नंबर ब्लॉक कर दिया जाता था।
इस गैंग ने गुजरात में लोगों को इसी तरह फंसाया और करोड़ों रुपये ठगे। कई राज्यों के लोगों को भी निशाना बनाया गया। ये आरोपित एक कंपनी की तरह पूरे नेटवर्क को चला रहे थे। कर्मचारियों के नाम पर लिए गए सिम से कॉल की जाती थी। आरोपितों की पहचान मंदीप, नेहा और वर्षा के रूप में की गई। इनके अन्य साथियों की तलाश जारी है। सभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।